प्रधानमंत्री के सम्मान में भाजपा का प्रदर्शन, द्वाराहाट विधायक का पुतला दहन |

अल्मोड़ा । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध कथित रूप से की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने मंगलवार को चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर विरोध जताया तथा द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारेबाजी करते हुए टिप्पणी की कड़ी निंदा की और इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया । कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों की आशाओं, आकांक्षाओं और विश्वास के प्रतीक हैं। उनके विरुद्ध की गई अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और वैचारिक विरोध स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता । महेश नयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। देश आज विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में विपक्ष द्वारा की जा रही इस प्रकार की टिप्पणियां उनकी हताशा और निराशा को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के कृत्यों का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे । पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। देश की बढ़ती प्रतिष्ठा और उपलब्धियों से विपक्षी दल असहज महसूस कर रहे हैं, जिसके चलते इस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं करेगी और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी । प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक संवाद की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और प्रधानमंत्री के सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभद्र टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो भाजपा व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन इसका अर्थ किसी व्यक्ति विशेष के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना नहीं है । कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला मंत्री मनोज जोशी, जिला मंत्री सुनील बिष्ट, कार्यालय मंत्री सौरभ वर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, अर्जुन बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, पूनम पालीवाल, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, दीपा अधिकारी, आनंद कनवाल, रेडक्रॉस सोसायटी प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, मनोज तिवारी, जगत तिवारी, आनंद भोज, जगदीश चौहान, गौरव भंडारी, जगमोहन बिष्ट, शुभम रौतेला, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष राहुल कुमार, मोहित बिष्ट, दीपक भंडारी, त्रिलोक रावत, आशीष डोंगरा, कमल वर्मा, मुश्तमिक मलिक, चंदू पालीवाल, हरीश रावत और हेम भंडारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे । भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के पद की गरिमा सर्वोपरि है और किसी भी जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *