पौड़ी | सांय के समय चौकी पाबों को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ताल, ब्लॉक पाबों के दो बच्चे सुबह स्कूल के लिए घर से निकले थे, परंतु स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वे घर नहीं पहुँचे। सूचना प्राप्त होते ही चौकी पाबों पुलिस टीम द्वारा तत्काल गंभीरता से कार्यवाही करते हुए बच्चों की खोजबीन प्रारम्भ की गई। आस-पास ग्रामीणों से जानकारी संकलित करते हुए पुलिस को ज्ञात हुआ कि दोनों बच्चों को सुबह के समय पास के ही गाँव के एक युवक पंकज के साथ स्कूटी पर जाते हुए देखा गया था। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर त्वरित तलाश अभियान चलाया गया। पुलिसस टीम के सतत प्रयासों के उपरांत दोनों बच्चे ग्राम चोपड़ियो पाबों निवासी पंकज सिंह के साथ घूमते हुए सुरक्षित बरामद कर लिए गए। बच्चों से जानकारी करने पर पाया कि सुबह स्कूल जाते समय उन्हें उनके बगल गाँव का युवक पंकज मिला। जिसमें बच्चों द्वारा पेट दर्द होने की जानकारी दी गई जिस पर पंकज द्वारा दवाई दिलवाने की बात कही । पंकज उन्हें पास के मेडिकल पर ले गया और उसके बाद तीनों घूमने चले गए। इसी दौरान कलगढ़ी के पास स्कूटी खराब हो गई तथा नेटवर्क न मिलने के कारण संपर्क भी नहीं हो सका, जिससे देरी हो गई। बच्चों ने स्पष्ट किया कि उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। पुलिस टीम द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
चौकी पाबों पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाही—दो लापता बच्चों को सुरक्षित किया परिजनों के सुपुर्द ।
















Leave a Reply