हल्द्वानी | प्रकाश चंद्र नोडल अधिकारी निर्वाचन/ पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी द्वारा वीसी के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी/जोनल पुलिस अधिकारी/ सैक्टर पुलिस अधिकारी/समस्त थाना प्रभारी/ समस्त यातायात प्रभारी/ निरीक्षक दूरसंचार के साथ आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन -2025 को सकुशल सम्पन्न करने हेतु गोष्ठी आयोजित की गई। एसपी सिटी द्वारा सभी के साथ वीसी के माध्यम से निर्वाचन सम्बन्धी प्रक्रिया की समीक्षा की गयी। सभी को निम्नलिखित बिन्दुओं पर अनुपालन किये जाने हेतु निर्देशित किया गया |
1- समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के डेंजर जोन चिह्नित करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित स्थलों पर पर्याप्त संसाधनों की तैनाती का विस्तृत विवरण तत्काल उपलब्ध करायें ।
2- समस्त यातायात/थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में ब्लाक मुख्यालय अथवा जहां से मतदान पार्टियां रवाना होनी है के संबंध में भौतिक निरीक्षण कर रूट डायर्जन, पार्किंग , यातायात प्लान, मानसून सीजन के दृष्टिगत कंटीजेन्सी रूट प्लान तैयार कर उसका गहराई से अवलोकन कर उपलब्ध करायें ।
3- प्रतिसार निरीक्षक /समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने ब्लाक क्षेत्रान्तर्गत पुलिस बल के रहने एवं खाने की व्यवस्था, अस्थायी शस्त्रागार, ब्रीफिंग स्थल चिन्हित करते हुए प्रशासन से समन्वय कर कृत कार्यवाही का विवरण उपलब्ध करायें, जिसमें विशेष रूप से मानसून सीजन होने के कारण हाल, सभागार आदि को प्राथमिकता दी जाय जिससे की वर्षा होने की दशा में अव्यवस्था न हो।
4- चिन्हित स्थानों पर बिजली, पानी की व्यवस्था, शौचालय आदि एवं क्षमता को अवश्य चैक कर लिया जाय, किसी भी प्रकार की कमी होने पर तत्काल संबंधित विभाग से पत्राचार कर यथाशीघ्र पूर्ति कर ली जाय तथा संबंधित संचालक के मो0न0 भी संपर्क हेतु अवश्य लिये जाय ।
5- समस्त जोनल पुलिस अधिकारी/ क्षेत्राधिकारी/ थाना प्रभारी अनिवार्य़ रूप से अतिसंवेदनशील/ संवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर संवेदनशीलता के वास्तविक कारण की जानकारी करते हुए संवेदनशीलता को कम करने हेतु संबंधित जोनल एवं सैक्टर मजिस्ट्रेट के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण करना सुनिश्चित करें, जिससे कि चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराया जा सकें तथा वास्तविकता भी सबके संज्ञान में हो।
6- इसी प्रकार नियुक्त समस्त सैक्टर पुलिस अधिकारी सैक्टर मजिस्ट्रेट के साथ अपने सैक्टर के समस्त मतदेय स्थलों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करना सुनिश्चित करें।
7- आर0आई0 रेडियो तत्काल शैडो एरिया चिन्हित करें तथा संचार प्लान तैयार करेंगे। मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा की स्थिति में बिजली की अनुपलब्धता के कारण अभी से पर्याप्त बैटरी बैकअप सहित वैकल्पिक व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे ।
8- इसी प्रकार प्रतिसार निरीक्षक निर्वाचन से संबंधित संसाधनों की सम्बन्धित थानों से मांग प्राप्त कर संबंधित को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे ।
9- समस्त थाना प्रभारी चुनाव आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता का पालन करने हेतु अपने समस्त अधीनस्थों का सम्मेलन लेकर उचित दिशा -निर्देश निर्गत कर अनुपालन सुनिश्चित करेंगे ।
10- चुनाव संबंधी कार्यो में सुधार लाने हेतु प्राथमिकता देंगे।
11- इसके अतिरिक्त समय समय पर जारी चुनाव संबंधी दिशा निर्देशों का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें।
12- इसके अतिरिक्त सभी थाने अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
















Leave a Reply