आपदा के प्रति जागरूक और सक्षम बन रहे ग्राम प्रहरी, टिहरी पुलिस का सराहनीय प्रयास SSP श्वेता चौबे के कुशल मार्गदर्शन में ग्राम प्रहरियों को दिया गया आपदा राहत एवं बचाव प्रशिक्षण ।

टिहरी | आगामी मानसून सत्र के दृष्टिगत जनपद टिहरी गढ़वाल में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने एवं ग्रामीण स्तर पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में निरंतर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा निर्गत आदेशों, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशों तथा क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 07 जून 2026 को एसडीआरएफ यूनिट घनसाली द्वारा थाना घनसाली क्षेत्र में तैनात ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष आपदा राहत एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया । प्रशिक्षण के दौरान ग्राम प्रहरियों को मानसून काल में भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के उफान तथा अन्य आपदा संबंधी घटनाओं के दौरान त्वरित एवं सुरक्षित कार्यवाही करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आपदा प्रभावित अथवा घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार मिलने से पूर्व बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों तथा उन्हें घटनास्थल से सुरक्षित निकालने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया ।  एसडीआरएफ टीम द्वारा ग्राम प्रहरियों को सीपीआर (CPR) देने की विधि, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक उपायों, घायल व्यक्तियों के सुरक्षित रेस्क्यू, रॉप क्लाइम्बिंग एवं रैपलिंग तकनीकों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त वुड कटर एवं कंक्रीट कटर जैसे उपकरणों के सुरक्षित संचालन, उपयोग की विधि तथा उनसे संबंधित सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई । बरसाती मौसम में सांप एवं बिच्छू के काटने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए ग्राम प्रहरियों को ऐसे मामलों में प्रारंभिक स्तर पर की जाने वाली सावधानियों, प्रभावित व्यक्ति की देखभाल तथा समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया । प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ करना, स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन विकसित करना तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाना रहा। ग्राम प्रहरियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया । जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस एवं एसडीआरएफ द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे आपदा के समय जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम किया जा सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *