तोता घाटी में बस पलटने की सूचना पर तत्काल पहुंची टिहरी पुलिस, घायलों को पहुंचाया अस्पताल, सभी यात्री सुरक्षित |

टिहरी | डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना देवप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत तोता घाटी के पास एक चारधाम यात्रा बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई है तथा कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है । सूचना प्राप्त होते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम एवं 108 एम्बुलेंस सेवा को तत्काल मौके पर रवाना किया गया । प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस रुद्रप्रयाग से हरिद्वार की ओर जा रही थी, जिसमें कुल 39 यात्री सवार थे। बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना में 3-4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु 108 एम्बुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है । घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है तथा बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक राहत एवं सहायता कार्य कराए गए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया । टिहरी पुलिस आमजन एवं यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील करती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *