एसएसपी श्वेता चौबे का पुलिस कार्यालय की महत्वपूर्ण शाखाओं का औचक निरीक्षण, कार्यकुशलता एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर दिया विशेष जोर |

टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने आज पुलिस कार्यालय स्थित डीसीआर (District Control Room), डीसीआरबी (District Crime Record Bureau), वायरलेस वर्कशॉप एवं नफीस सेल का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसीआर (DCR) निरीक्षण के दौरान एसएसपी महोदया ने प्राप्त सूचनाओं के संकलन, त्वरित संप्रेषण एवं अभिलेखीकरण प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं आपातकालीन सूचनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सूचना संचार व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए।

डीसीआरबी (DCRB) शाखा में अपराध अभिलेखों के रखरखाव, अपराधियों के रिकॉर्ड, लंबित विवेचनाओं एवं डिजिटल डेटा प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने अपराध संबंधी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा तकनीक आधारित रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

वायरलेस वर्कशॉप के निरीक्षण के दौरान संचार उपकरणों की कार्यशीलता, रखरखाव एवं मरम्मत व्यवस्था का जायजा लिया गया। एसएसपी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी पुलिस संचार उपकरण पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा किसी भी तकनीकी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आपात परिस्थितियों में संचार व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।

नफीस सेल में फिंगरप्रिंट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण और विश्लेषण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों को अपराधों के सफल अनावरण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ अभिलेख प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा प्रभावी संचार व्यवस्था ही आधुनिक पुलिसिंग की आधारशिला हैं, जिनके माध्यम से आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जनपद पुलिस को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर पेशेवर दक्षता, तकनीकी कौशल एवं कार्यकुशलता में वृद्धि करते हुए उत्कृष्ट सेवा प्रदान करनी होगी।

टिहरी गढ़वाल पुलिस आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रतिबद्ध है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *