टिहरी | चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में जनपद पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है । इसी क्रम में मुनि की रेती क्षेत्रांतर्गत विभिन्न स्थानों पर दुकानदारों एवं ठेली संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया । उक्त अभियान टिहरी पुलिस एवं नगर पंचायत के संयुक्त सहयोग से संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया तथा सड़क किनारे खड़ी की गई ठेलियों एवं अन्य अवरोधों को भी हटवाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहायता मिली । चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस एवं नगर पंचायत द्वारा संबंधित दुकानदारों एवं ठेली संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए। अतिक्रमण करने वाले 25 दुकानदारों/ठेली संचालकों के विरुद्ध चलानी कार्यवाही भी की गई । अभियान के दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग करने तथा यातायात को बाधित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । टिहरी पुलिस चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनहित, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे ।
















Leave a Reply