टिहरी |
चारधाम यात्रा-2026 एवं पर्यटन सीजन के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा आज कोतवाली कैंपटी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने मसूरी बैंड से नैनबाग-डामटा चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पुलिस सहायता केंद्रों, पार्किंग स्थलों तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौकी नैनबाग हेतु नवआवंटित भूमि का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । कोतवाली कैंपटी के औचक निरीक्षण के दौरान एसएसपी महोदया ने थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यों, महिला हेल्प डेस्क, शिकायत पंजिका, आपदा एवं यात्रा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों एवं कार्यालयीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, जनसुनवाई की गुणवत्ता तथा थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार करते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए । यात्रा मार्गों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, पुलिस सहायता केंद्रों, ड्यूटी प्वाइंटों तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया । एसएसपी महोदया ने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें यात्रा अवधि के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता, विनम्र व्यवहार एवं त्वरित रिस्पॉन्स बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखण्ड की आस्था, संस्कृति एवं पर्यटन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं यात्रा को सुगम बनाना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है । निरीक्षण के दौरान एसएसपी महोदया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर यातायात को निर्बाध एवं सुचारु बनाए रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संभावित जाम वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना अथवा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। *जीवन आश्रम मोड़ पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उक्त स्थान पर पुलिस ड्यूटी लगाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया । उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक को पुलिस की उपस्थिति, सहयोग एवं सुरक्षा का सकारात्मक अनुभव होना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें । इसके अतिरिक्त एसएसपी महोदया द्वारा कोतवाली कैंपटी क्षेत्रान्तर्गत चौकी नैनबाग हेतु नवआवंटित भूमि का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की वर्तमान स्थिति, सीमांकन, आधारभूत सुविधाओं एवं प्रस्तावित निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की । उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस भूमि पर विकसित होने वाली पुलिस चौकी क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आमजन एवं यात्रियों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी । सएसपी ने कहा कि टिहरी पुलिस चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य कर रही है। जनपद पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक को सुरक्षित, सहज एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है ।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कोतवाली कैंपटी का औचक निरीक्षण कर मसूरी बैंड से नैनबाग-डामटा चारधाम यात्रा मार्गों का किया व्यापक निरीक्षण, चौकी नैनबाग की नवआवंटित भूमि का भी लिया जायजा, दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश |
















Leave a Reply