टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की पहल के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी चंबा के निर्देशन में थाना छाम पुलिस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज कमान में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देना था । कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें विद्यालय के प्रधानाचार्य, कमान क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, व्यापार मंडल अध्यक्ष, शिक्षकगण, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं स्थानीय आमजन उपस्थित रहे । थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी द्वारा उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों की विभिन्न बारीकियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, यूपीआई धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, फेक कस्टमर केयर नंबर, साइबर बुलिंग एवं मोबाइल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा की गई । इसके अतिरिक्त लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके । जागरूकता कार्यक्रम को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने हेतु अंत में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित 20 प्रश्नों का प्रश्नपत्र भी दिया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली । कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं अभिभावकों द्वारा पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की गई तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया । टिहरी पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक अथवा लालच भरे संदेश पर विश्वास न करें तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे बड़ी सुरक्षा हैं ।
एसएसपी श्वेता चौबे की पहल पर टिहरी पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान जारी गांव-गांव पहुंचकर आमजन, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को साइबर अपराधों के प्रति किया जा रहा जागरूक |















Leave a Reply