चार धाम यात्रा के दौरान तपोवन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे खुद उतरी मैदान में ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से भी की जा रही मॉनिटरिंग |

टिहरी | चारधाम यात्रा प्रारंभ होते ही जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस पूर्णतः अलर्ट मोड में कार्य कर रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा स्वयं मुनि की रेती क्षेत्र में पहुंचकर भद्रकाली से तपोवन चौकी तक स्थलीय भ्रमण किया गया तथा यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान एसएसपी द्वारा क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थलों की स्थिति का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे । यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आधुनिक तकनीकों का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन एवं CCTV कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की जाम अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से पूर्व ही उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। एसएसपी द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात संचालन को सुव्यवस्थित एवं नियंत्रित रखा जाए। साथ ही, यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करने हेतु पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता, सतर्कता एवं तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए । उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान टिहरी पुलिस पूर्ण प्रतिबद्धता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके । टिहरी पुलिस द्वारा सतत निगरानी, सक्रिय ड्यूटी एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पूर्णतः सुचारू बनी रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *