ऋषिकेश| तीर्थनगरी ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने विकास कार्यों को गति दे दी है। शहर में निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के लिए रायवाला में 25 करोड़ रुपये की लागत से गोवंश आश्रय केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और शासन से 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है। आश्रय केंद्र के निर्माण से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित ठिकाना मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी । आईएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर शम्भू पासवान ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं में आधे से अधिक कार्य धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि शेष कार्यों को भी जल्द शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा । महापौर ने बताया कि ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पुल बनने से रामझूला, जानकी सेतु और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से यात्रा सीजन, धार्मिक आयोजनों और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान यातायात का दबाव कम करने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा । उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले से पहले सभी प्रमुख विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, सीवर लाइनों के विस्तार और भूमिगत विद्युत लाइनों को बिछाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है । महापौर ने बताया कि रायवाला में निराश्रित गोवंश आश्रय केंद्र के लिए पहले पांच करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 करोड़ रुपये कर दिया गया है । इसके लिए भूमि भी उपलब्ध हो चुकी है। आश्रय केंद्र बनने से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और देखभाल की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। साथ ही सड़कों पर पशुओं के विचरण से होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं पर भी अंकुश लगेगा। इस महत्वपूर्ण योजना के लिए महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया । महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम का मुख्य लक्ष्य तीर्थनगरी ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और पर्यटकों के अनुकूल बनाना है। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों को सफल बनाने के लिए नगर निगम क्षेत्र की जनता से सहयोग की अपील की ।
















Leave a Reply