अग्निशमन विभाग की सतर्कता, तत्परता और साहसिक कार्रवाई से टला बड़ा हादसा राज टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग पर अग्निशमन विभाग ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं |

रिपोर्ट – वंश शर्मा 

रुड़की | दिनांक 08.10.2026 को रात्रि 24:00 बजे MDT के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सैनी पुरम कॉलोनी, शेरपुर गांव स्थित राज टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई है। गोदाम में रखे गद्दे, कुर्सियां, टेंट एवं अन्य सामान आग की चपेट में आ गए थे तथा मौके से घना धुआं निकल रहा था । सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की से हाई प्रेशर वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर की मांग की गई। सोनाली पुल पर हाईट बैरियर होने के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर को नगला इमरती के लगभग 22 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग से घटनास्थल तक पहुंचाया गया । आग की विकरालता को देखते हुए नेहरू स्टेडियम में ड्यूटी पर तैनात अग्निशमन यूनिट एवं मंगलौर फायर यूनिट से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए । अग्निशमन कर्मियों द्वारा प्रभावी पंपिंग करते हुए दो होज लाइनों से लगातार फायर फाइटिंग की गई। गोदाम में भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। ऐसी विषम परिस्थितियों में अग्निशमन कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी, साहस एवं आपसी समन्वय के साथ विभिन्न दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया तथा उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका । अग्निशमन टीम की त्वरित कार्रवाई एवं लगातार की गई कड़ी मशक्कत के फलस्वरूप आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद भी टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर जले हुए सामान के बीच मौजूद छिपी चिंगारियों एवं गर्म स्थानों को पूरी तरह समाप्त किया गया, ताकि दोबारा आग लगने की कोई संभावना न रहे ।

उक्त घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *