हरिद्वार । नगर निगम पार्षदों ने मेयर किरण जैसल को ज्ञापन देकर मीडिया में प्रसारित मनसा देवी रोपवे के किराए में वृद्धि और पार्षदों की खरीद फरोख्त व धन के लेन देन संबंधी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षदों ने कहा कि कुछ समाचार माध्यमों में मनसा देवी रोपवे के किराए में वृद्धि तथा पार्षदों की कथित खरीद-फरोख्त एवं धन के लेनदेन से संबंधित अत्यंत गंभीर समाचार प्रकाशित हुआ है। समाचार से नगर निगम की छवि, जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा तथा आमजन का विश्वास प्रभावित हुआ है। यदि समाचार में प्रकाशित आरोप सत्य हैं, तो दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई होना आवश्यक है। लेकिन यदि समाचार असत्य या भ्रामक है, तो सत्य को जनता के समक्ष लाने तथा झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्षदों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग भी की। पार्षदों ने कहा कि उनका उददेश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि सत्य की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की गरिमा की रक्षा करना है । ज्ञापन देने वाले पार्षदों में शुभम मैंदोला, अहसान अंसारी, आदेश सैनी, अनुज सिंह, भूपेंद्र, निशा नौड़ियाल, मनोज परालिया, नागेंद्र राणा, मोनिका सैनी आदि शामिल रहे ।
रोपवे किराया वृद्धि और पार्षदों की खरीद-फरोख्त संबंधी खबरों की जांच की मांग, पार्षदों ने मेयर किरण जैसल को सौंपा ज्ञापन |














Leave a Reply