हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार का विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभाग की टीम जनपदभर में खाद्य प्रतिष्ठानों, भंडारों, ढाबों, होटलों और अस्थायी स्टॉलों का निरीक्षण कर रही है । कांवड़ यात्रा को देखते हुए 30 जुलाई से 4 अगस्त तक जनपद हरिद्वार में सचल खाद्य विश्लेषणशाला (एफएसडब्ल्यू) वाहन तैनात किया गया है, जिसके माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की जा रही है और खाद्य कारोबारियों व कांवड़ियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है । 30 जुलाई को उपायुक्त लैब वीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में 61 खाद्य नमूनों की जांच की गई। इनमें से 5 खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया । वहीं 31 जुलाई को रानीपुर झाल से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग तक चलाए गए अभियान में 69 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 8 खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए गए। इन्हें भी तत्काल नष्ट कर दिया गया। इस दौरान दिल्ली यूपी बॉर्डर, शिव सेवा समिति, मां भगवती जन सेवा समिति, शिव शक्ति परमार्थ सेवा दल, श्रीराम नाम सेवा समिति, शीशवाल धाम और शिव शक्ति कांवड़ सेवा समिति सहित विभिन्न भंडारों के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया । इसके अलावा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग, भीमगौड़ा और खड़खड़ी क्षेत्र के 30 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कारोबारियों को बासी भोजन का विक्रय नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फूड लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए । निरीक्षण के दौरान पनीर, लाल मिर्च पाउडर, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, सरसों का तेल, दूध और नमक सहित कुल 7 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। जांच में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर मिथ्याछाप पाया गया, जिस पर वितरक के विरुद्ध बिना फूड लाइसेंस व्यापार करने के आरोप में चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही निर्माता श्री राम बेवरेज प्रा. लि., जींद (हरियाणा) को भी मिथ्याछाप पैकेज्ड पानी की पैकिंग करने पर नोटिस जारी किया गया । सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कांवड़ मेले की अवधि तक विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच, सैंपलिंग और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके ।
कांवड़ मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, दो दिन में 130 खाद्य नमूनों की जांच, 13 अधोमानक खाद्य पदार्थ नष्ट |














Leave a Reply