रुद्रप्रयाग | जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल आयोजित की गई । मॉक ड्रिल के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर आपदा की काल्पनिक परिस्थितियां उत्पन्न कर सम्बन्धित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वय का अभ्यास किया गया ।
प्वाइंट-01 : खांकरा क्षेत्रान्तर्गत सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लगने की घटना।
काल्पनिक सूचना प्राप्त हुई कि खांकरा क्षेत्रान्तर्गत सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लग गई है तथा आग का फैलाव आबादी की ओर हो रहा है। सूचना पर कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस, चौकी जवाड़ी पुलिस एवं फायर सर्विस की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया । रतूड़ा से फायर सर्विस की टीम तथा पुलिस बल सम्बन्धित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा। पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों द्वारा आपसी समन्वय से आग पर काबू पाने तथा आग को आबादी की ओर फैलने से रोकने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया । अभ्यास के दौरान सम्बन्धित थाना पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया है तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है ।
प्वाइंट-02 : भटवाड़ी सैंण क्षेत्रान्तर्गत भूकम्प एवं वाहन दुर्घटना की घटना।
दूसरी काल्पनिक सूचना भटवाड़ी सैंण क्षेत्रान्तर्गत अचानक भूकम्प आने तथा इसके परिणामस्वरूप भूस्खलन की चपेट में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की प्राप्त हुई। वाहन में चार व्यक्ति सवार होने की सूचना पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया । सूचना प्राप्त होते ही सम्बन्धित पुलिस बल एवं रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया । दोनों स्थानों पर पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमों द्वारा आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्यवाही करते हुए मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया । मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता एवं राहत-बचाव कार्यों की तत्परता का परीक्षण किया गया । सम्पूर्ण मॉक ड्रिल का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अवनी तिवारी द्वारा किया गया। इस दौरान अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अगस्त्यमुनि गुमान सिंह एवं अग्निशमन अधिकारी शंकर रमोला अपनी-अपनी टीमों सहित मौजूद रहे ।
















Leave a Reply