रिपोर्ट – वंश शर्मा
मंगलौर | दीपावली के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति अपने हाथ में लिए रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था । मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर को वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के निर्देश दिए गए । पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में वायरल वीडियो ग्राम निजामपुर, कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह एवं उसकी पत्नी का होना प्रकाश में आया। पूछताछ के दौरान वैभव सैनी के पिता यशपाल सिंह ने पुष्टि की कि वीडियो में उनका पुत्र लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा है । उक्त कृत्य को शस्त्र लाइसेंस की शर्तों एवं आयुध संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मंगलौर पुलिस द्वारा वैभव सैनी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है । साथ ही संबंधित असलहे को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है । हरिद्वार पुलिस आमजन को स्पष्ट संदेश देती है कि सार्वजनिक स्थानों अथवा किसी भी उत्सव के अवसर पर असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है । इस प्रकार के कृत्यों को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।












Leave a Reply