साइबर ठगों पर अब सबसे बड़ा वार! RBI और उत्तराखण्ड पुलिस ने बनाया 24×7 एक्शन प्लान, ठगी की रकम तुरंत होगी फ्रीज |

देहरादून  | देहरादून में सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एवं उत्तराखण्ड पुलिस की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ/साइबर निलेश आनंद भरणे ने की, जिसमें दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया । बैठक में 24×7 बैंक–पुलिस समन्वय तंत्र को और सुदृढ़ बनाने, साइबर धोखाधड़ी के मामलों में गोल्डन आवर के दौरान धनराशि को तत्काल होल्ड/फ्रीज करने तथा शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाशों में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए प्रत्येक बैंक में ऑन-कॉल नोडल अधिकारी नामित करने और म्यूल अकाउंट्स पर प्रभावी निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया । एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि वर्तमान में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित लगभग 80 करोड़ रुपये की धनराशि विभिन्न स्तरों पर होल्ड की गई है। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़ितों को वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं । बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि मजबूत बैंक–पुलिस समन्वय, त्वरित कार्रवाई और व्यापक जन-जागरूकता ही साइबर वित्तीय अपराधों के विरुद्ध सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच साबित होगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *