सेल्फी के चक्कर में मौत से सामना! हाथियों ने युवकों को दौड़ाया, भागकर बचाई जान |

हरिद्वार । वन्यजीवों के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने का शौक छह युवकों पर भारी पड़ गया। सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंचना युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था । जैसे ही हाथियों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया, वे आक्रामक हो गए और युवकों के पीछे दौड़ पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । जानकारी के अनुसार, गंगा स्नान के लिए आए छह युवक सप्तऋषि घाट के सामने गंगा में नहा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नदी के दूसरी ओर 8 से 10 हाथियों का झुंड दिखाई दिया, जिसमें एक शिशु हाथी भी शामिल था। रोमांच और सेल्फी के चक्कर में युवक गंगा पार कर हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए और फोटो व वीडियो बनाने लगे । युवकों की इस हरकत से हाथी सतर्क हो गए और अचानक झुंड के कुछ हाथी उनकी ओर दौड़ पड़े। हाथियों को अपनी तरफ आते देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए थे, जिससे उनकी जान पर बन आई, लेकिन उन्होंने तेजी से दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर खुद को बचा लिया । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने इस रोमांचक और खतरनाक घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । वन रेंज अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा गया। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के करीब जाना और बिना अनुमति वन क्षेत्र में प्रवेश करना बेहद खतरनाक है। विशेष रूप से शिशु हाथियों के साथ मौजूद झुंड अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकता है । घटना के बाद पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने युवकों को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी । अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और केवल फोटो या वीडियो के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *