बेहतर यात्रा प्रबन्धन तथा समग्र प्रशासनिक दक्षता हेतु जिला पत्रकार संघ द्वारा एसपी उत्तरकाशी को किया गया सम्मानित ।

उत्तरकाशी | जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के तत्वावधान में बड़कोट में आयोजित अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय को चारधाम यात्रा-2026 के दौरान उत्कृष्ट यात्रा प्रबंधन, प्रभावी यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, खोया-पाया सहायता सेवाओं तथा समग्र प्रशासनिक दक्षता के लिए “उत्कृष्ट सुशासन गौरव सम्मान–2026″ से सम्मानित किया गया । सम्मान प्राप्त करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा जिला पत्रकार संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उत्तरकाशी पुलिस के उन सभी अधिकारी एवं जवानों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अथक परिश्रम का सम्मान है, जिन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान भीषण धूप, वर्षा एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच निरंतर सेवाएं देकर यात्रा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।

उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में मीडिया की सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया ने यात्रा से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर श्रद्धालुओं तक पहुंचाई, भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं के प्रति जनमानस को जागरूक किया तथा यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता वाले विषयों को भी जिम्मेदारीपूर्वक शासन-प्रशासन के समक्ष रखा । पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा बताया गया कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए उत्तरकाशी पुलिस का ध्येय वाक्य ” सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित मीडिया बंधुओं, स्थानीय जनता, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं के सतत् सहयोग के साथ यात्रा व्यवस्थाओं को भविष्य में और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं श्रद्धालु-हितैषी बनाया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *