NEET परीक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस-प्रशासन सतर्क SP उत्तरकाशी द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा/परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा |

उत्तरकाशी | राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है । पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्र पी.एम. केंद्रीय विद्यालय मनेरा, उत्तरकाशी का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, परीक्षा कक्ष, सीटिंग अरेजमेंट सहित आसपास के क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई । पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा सुरक्षा संबंधी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए । परीक्षा की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए उनके द्वारा पुलिस बल, अभिसूचना इकाई एवं एसओजी को सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त होटल, ढाबों, धर्मशालाओं एवं होमस्टे की नियमित चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखने हेतु निर्देशित किया गया । अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अनुचित साधन परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश न कर सके । परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न करवाने हेतु पुलिस एवं प्रशासन की सभी इकाइयों को समन्वित रूप से कार्य करने तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए । निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, एसडीएम भटवाड़ी शॉलिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार, निरीक्षक अभिसूचना श्री विकास नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *