देहरादून । उत्तराखंड में खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में कई अहम निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को मिलने वाली आउट ऑफ टर्न नौकरी में अब किसी भी तरह की देरी स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने विभाग को अगस्त तक इसकी विज्ञप्ति जारी करने के आदेश दिए । बैठक के दौरान मंत्री ने खेल विश्वविद्यालय में पहले शैक्षिक सत्र की शुरुआत के लिए आवश्यक नियुक्तियों को तुरंत पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पहले सत्र में जिन विषयों में प्रवेश होंगे, उनका चयन कर लिया गया है । इसी क्रम में उन्होंने जानकारी दी कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई से यहां भी पहला शैक्षिक सत्र प्रारंभ हो जाएगा । 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों पर भी मंत्री ने विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों के ट्रायल और प्रशिक्षण कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए विभागीय अधिकारी जल्द ही उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ बैठक करें । इसके साथ ही उन्होंने नई खेल नीति तैयार करने और हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने के कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए | बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह और उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने नियुक्तियों, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और नेशनल गेम्स तैयारियों को दी रफ्तार |
















Leave a Reply