उत्तरकाशी | विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में कोतवाली मनेरी पुलिस द्वारा प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल के नेतृत्व में मनेरी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को कोतवाली मनेरी में आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया तथा जलपान उपरांत उनकी कुशलक्षेम एवं समस्याओं की जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित वरिष्ठजनों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा एवं सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी समस्या की स्थिति में वे पुलिस से निसंकोच संपर्क कर सकते हैं । इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं प्रचलित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार का शारीरिक, मानसिक अथवा आर्थिक दुर्व्यवहार होता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके । वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई । इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, महिला उपनिरीक्षक हिमानी पंवार, अपर उपनिरीक्षक संजय बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे । कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ नागरिकों द्वारा पुलिस की इस संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए प्रभारी निरीक्षक मनेरी को पुष्प भेंट कर आभार व्यक्त किया ।
विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवसः मनेरी पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ किया संवाद, सुरक्षा एवं सम्मान का दिया संदेश |















Leave a Reply