ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति गठन में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश |

हरिद्वार । मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जनपद के खंड विकास अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति का तत्काल गठन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने समिति गठन में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। सभी खंड विकास अधिकारियों को दो दिन के भीतर समिति गठित कर कार्यालय को सूचित करने को कहा गया है । मुख्य विकास अधिकारी ने जारी पत्र में कहा है कि पूर्व में 29 मई को भी समिति गठन के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक किसी भी खंड विकास अधिकारी ने समिति का गठन कर जानकारी नहीं दी है। उन्होंने इसे अत्यंत खेदजनक बताया है। यह समिति उच्चतम न्यायालय के 19 फरवरी 2026 और 29 अप्रैल 2026 के आदेशों के अनुपालन में गठित की जानी है । समिति का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इन नियमों का सफल क्रियान्वयन जनपद में स्वच्छता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। समिति का गठन खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया जाना है । इस विकास खंड स्तरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति में सात सदस्य होंगे। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सदस्य सचिव होंगे। खंड शिक्षाधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी, सहायक खंड विकास अधिकारी, प्रथम और ब्लॉक मिशन प्रबंधक इसके सदस्य होंगे। एक स्वैच्छिक संगठन या व्यक्ति भी सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी की ओर से नामित कोई अन्य अधिकारी या प्रतिनिधि भी समिति का हिस्सा बन सकता है । समितियों के गठन के साथ साप्ताहिक समीक्षा की देनी होगी जानकारी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने समिति गठन के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉकों में गठित समिति रोस्टर के अनुसार कार्य करते हुए साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी। इसी पूरी रिपोर्ट जिला स्वच्छता कंट्रोल को देनी होगी। इसके के लिए कंट्रेाल रूम के वाट्सएप मोबाइल नंबर 8273371714 पर फोटो वीडियों के साथ ही अन्य गतिविधियों प्रेषित करनी होंगी। इसका अनुपालन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *