हरिद्वार । रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा जन-जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों और ग्रामीण इलाकों में जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में रानीपुर विधानसभा का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जन-जागृति अभियान का उद्देश्य जनता की आवाज़ को मजबूती देना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय करना है । वरिष्ठ समाजसेवी आरिफ ने कहा कि वर्तमान विधायक क्षेत्र की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिसके कारण लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में संजय सैनी को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य किया जाएगा । कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं की कमी को प्रमुख समस्या बताया। ग्रामीणों ने मांग की कि चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में कम से कम एक राजकीय हाई स्कूल की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के क्षेत्रों में न जाना पड़े । युवा नेता खलील ने कहा कि रानीपुर विधानसभा का अधिकांश हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बरसात के दौरान गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि कई गांवों में जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है । खलील ने यह भी कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहद सुस्त है और लोगों को रोजमर्रा की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने जल निकासी, सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके । संजय सैनी ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया जाएगा और उनके स्थायी समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा । कार्यक्रम में जिसान, सहजान, फरहान, ताहिर, शामसाद, नौसाद, सहीद, फरीद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
रानीपुर में बदलाव की मांग तेज, जन-जागृति अभियान के तहत जनता से सीधा संवाद |













Leave a Reply