लोक समस्या निवारण कैंप में अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनीं जन समस्याएं |

रिपोर्ट – वंश शर्मा

मंगलौर | नगर पालिका परिषद मंगलौर के पुराने भवन में आज शुक्रवार को आयोजित लोक समस्या निवारण कैंप में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए । कैंप के दौरान पेंशन, राशन कार्ड, तालाब पर अतिक्रमण समेत विभिन्न विषयों से संबंधित लगभग 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपाध्यक्ष ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए । आयोजित कैंप में तीन विभागों के अधिकारी अनुपस्थिति पर फरजाना बेगम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में समय पर उपस्थित रहने और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए । इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिकता है । कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मोहियुद्दीन अंसारी, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, अंकित रमोला, पहल सिंह, अनीता, महेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *