बागेश्वर | पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग रूट पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के पर्यटक की खोजबीन के लिए पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीमों द्वारा लगातार सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है । शामली, उत्तर प्रदेश के निवासी पर्यटक अभिषेक चौहान पिंडारी ग्लेशियर की ट्रैकिंग पर गए थे। दोपहर वापस लौटते समय, खाती से करीब 07-08 किलोमीटर पहले ‘छिल्याणी गधेरे’ के पास वह अचानक लापता हो गए । जिसकी सूचना उनके *पोर्टर/गाइड द्वारा रात लगभग 20:00 बजे खाती गाँव पहुँचकर दी गई । सूचना मिलने पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पहले ही दिन SDRF ने मिसिंग पॉइंट से रोप वे के माध्यम से पिंडर नदी में उतरे थे जहाँ उन्हें 50 मीटर नीचे पत्थर की आड़ में गुमशुदा अभिषेक का कैमरा बरामद हुआ था। जिस स्थान में कैमरा बरामद हुआ वहाँ आसानी से नहीं पंहुचा जा सकता था। परिजनों की लिखित तहरीर के आधार थाना कपकोट में गुमशुदगी दर्ज की गई और लगातार जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान *गधेरे से लगभग 150-200 मीटर नीचे पिंडर नदी के पास से लापता पर्यटक का रैनकोट और कैप बरामद की गई । लगातार चल रहे सर्च अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर के पर्यवेक्षण में खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच भी संयुक्त टीमों ने पिंडारी नदी के आस-पास के सभी संभावित क्षेत्रों में बारीकी से छानबीन की गयी । टीमों द्वारा खाती झुला पुल से लेकर मैगी पॉइंट के पास, घने जंगलो में कन्दराओं एवं नदी के दूसरी तरफ छिल्याणी तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही गुमशुदा पर्यटक की तलाश हेतु स्थानीय बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए ।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) द्वारा इस अभियान की निरंतर समीक्षा व निगरानी की जा रही है । गुमशुदा पर्यटक की तलाश के लिए *रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन* लगातार जारी है।
















Leave a Reply