रुद्रप्रयाग पुलिस की संवेदनशीलता: महिला आरक्षी ने केदारनाथ धाम में बिछड़े बुजुर्ग दंपत्ति को मिलवाया ।

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात जनपद पुलिस सेवा और भक्ति के अपने संकल्प को चरितार्थ कर रही है। इसी क्रम में आज धाम में ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी पायल की सजगता और संवेदनशीलता के कारण एक बुजुर्ग दंपत्ति का सकुशल पुनर्मिलन संभव हो पाया है । ​श्री केदारनाथ धाम में दर्शन के दौरान भीड़-भाड़ के कारण एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु अपने पति से बिछड़ गयी थीं। अपनों से अलग होने के कारण बुजुर्ग महिला काफी घबरायी हुई और परेशान थीं। सहायता के लिए उन्होंने तत्काल वहां ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी पायल से संपर्क कर अपनी स्थिति बताई। महिला आरक्षी द्वारा बिना समय गंवाए त्वरित कार्यवाही करते हुए अन्य ड्यूटी पॉइंट्स से बेहतर समन्वय स्थापित किया गया । ​महिला आरक्षी के अथक प्रयासों और संवेदनशीलता के फलस्वरूप कुछ ही समय के भीतर महिला के पति को सकुशल ढूंढ निकाला गया। जैसे ही बुजुर्ग दंपत्ति एक-दूसरे के सामने आए, उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से अभिभूत होकर बुजुर्ग दंपत्ति ने रुद्रप्रयाग पुलिस की हृदय से सराहना की और पूरी टीम को आशीर्वाद देते हुए आभार प्रकट किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *