रुद्रप्रयाग । जनपद रुद्रप्रयाग में प्रचलित चारधाम यात्रा की आड़ में नशे का कारोबार करने वाले सक्रिय हो गए हैं, लेकिन रुद्रप्रयाग पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक अल्टो कार से 11 पेटी अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त अल्टो कार को भी सीज कर दिया है । सोमवार 27 अप्रैल को एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी | इसी दौरान एक अल्टो कार संख्या यूके 12 एफ 1268 को संदिग्ध मानकर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से मैकडॉवेल व्हिस्की की 11 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 12 बोतल, 48 हाफ और 384 पव्वों का भारी जखीरा मौजूद था । पकड़े गए अभियुक्त की पहचान श्रवण कुमार पुत्र रघुनाथ सिंह, निवासी ग्राम कठूड (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल) के रूप में हुई है । पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वर्ष 2022 में भी श्रीनगर कोतवाली में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था । मामले में कोतवाली रुद्रप्रयाग पर अभियुक्त के विरुद्ध मु.अ.सं. 26/2026 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम में मुख्य रूप से एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा, मुख्य आरक्षी मनमोहन सिंह, आरक्षी देवेंद्र सिंह और आरक्षी रविंद्र सिंह शामिल रहे। एसपी रुद्रप्रयाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रचलित यात्रा के दौरान पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नशे के विरुद्ध यह प्रहार आगे भी जारी रहेगा ।
रुद्रप्रयाग पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 11 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार ।












Leave a Reply