अभियान प्रहरी पड़ाव’ के तहत ग्राम सांदर और रविग्राम में पुलिस की रात्रि चौपाल, सुरक्षा और जन-सहयोग पर हुई विस्तृत चर्चा ।

रूद्रप्रयाग | ​जनपद में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत पुलिस की टीमें लगातार सीमावर्ती और दूरस्थ गांवों में पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में गत दिवस की रात्रि में कोतवाली अगस्त्यमुनि के अन्तर्गत ग्राम सांदर में एसएचओ गुमान सिंह नेगी की अध्यक्षता में और चौकी फाटा क्षेत्र के रविग्राम में अपर उपनिरीक्षक जगदीश रावत की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इन चौपाल में ग्राम प्रधानों, महिला मंगल दल की पदाधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। चौपाल का मुख्य एजेंडा पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। ​इस अभियान के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों, जैसे एटीएम/डेबिट कार्ड क्लोनिंग और सिम स्वैप धोखाधड़ी के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया। साथ ही, आगामी यात्रा सीजन 2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को देखते हुए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई। ग्रामीणों को नशे की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और बाहरी व्यक्तियों व किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, महिला सुरक्षा के लिए “गौरा शक्ति” ऐप के उपयोग और क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सुझाव भी साझा किए गए । ​चौपाल के दौरान उपस्थित जनसमूह ने पुलिस की इस जमीनी पहल का स्वागत किया और आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए “प्रहरी” की भूमिका निभाएंगे। ग्रामवासियों को भरोसा दिलाया गया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। इस प्रकार की रात्रि चौपालों से न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिल रही है, बल्कि पुलिस के प्रति जन-विश्वास में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *