रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग सभागार में जनपद रुद्र
प्रयाग के समस्त विवेचकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की गयी। लम्बित विवेचनाओं का थानावार, एवं विवेचकवार समीक्षा कर विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण किये जाने के दिशा-निर्देश दिए गए । केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियां – इस अवसर पर सभी प्रभारियों से उनके स्तर से आगामी केदारनाथ यात्रा की तैयारियों के सम्बन्ध में जानकारी ली गयी। सभी प्रभारियों से उनकी आवासीय व्यवस्थाओं की साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाएं दुरूस्त करने सहित आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये। उपस्थित प्रतिसार निरीक्षक को अतिरिक्त सामग्री का समय से आवंटन करने के निर्देश दिये गये। सभी सम्बन्धित प्रभारियों को उनके ड्यूटी प्वाइन्टों का निर्धारण करते हुए ड्यूटी चार्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये । अपराध समीक्षा गोष्ठी – मुख्यालय द्वारा निर्धारित 46 बिन्दुओं के अनुरूप अपराध समीक्षा करते हुए लम्बित मामलों में अपेक्षित सुधार लाये जाने के निर्देश दिये गये। प्रभारी साइबर सैल को निर्देशित किया गया कि आगामी केदारनाथ धाम यात्रा अवधि में हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर होने वाली ठगी की शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। नेटग्रिड पोर्टल पर ईनामी मफरुर और गुमशुदगी की सूचना दर्ज करने, निदान व आईसीजेएस पोर्टल पर प्रतिदिन अधिक से अधिक सर्च करने तथा सीसीटीएनएस के सभी ऑनलाइन फॉर्म समय से भरने के निर्देश दिए गए। साथ ही समन्वय पोर्टल के माध्यम से नोटिस तामीली की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। सभी विवेचकों को ऑनलाइन पोर्टलों की जानकारी रखने के निर्देश दिये गये ।
विवेचना निस्तारण – उपस्थित ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी द्वारा नये कानूनी प्रावधानों के अनुरूप विवेचनात्मक कार्यवाही करने विषयक आवश्यक दिशा-निर्देशों सहित, नये कानूनी प्रावधानों की केस स्टडी इत्यादि साझा की गयी। एसपी रुद्रप्रयाग ने सभी कोतवाली से सम्बन्धित लम्बित विवेचनाओं की विवेचकवार समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को उनके पास लम्बित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। ऐसी विवेचनाएं जो अन्तिम स्तर पर हैं, सम्बन्धित विवेचकों की टास्किंग की गयी । नशा एवं अवैध तस्करी पर प्रहार – आगामी यात्रा के दृष्टिगत आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। सभी कोतवाली प्रभारियों व एसओजी को इस ओर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्यवाही करने के के निर्देश दिये गये।
सड़क सुरक्षा एवं यातायात – शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त नजर रखने व उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। आगामी यात्रा के दृष्टिगत अभियान के तौर पर सड़कों पर अवैध अतिक्रमण व सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाये जाने तथा सभी थाना क्षेत्रान्तर्गत यात्रा के दौरान चिन्हित की जाने वाली पार्किंगों में ही वाहन पार्क कराये जाने के निर्देश दिये गये । महिला एवं जन सुरक्षा – महिला हेल्पलाइन डेस्क और थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण करने पर जोर दिया गया। मा. मुख्यमंत्री हैल्पलाइन पोर्टल 1905 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिये गये।
सत्यापन एवं वारंट तामीली – हाल ही में ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत किये गये सत्यापनों पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी। यात्रा मार्ग से सम्बन्धित कोतवाली प्रभारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया गया कि आने वाले दिनों में केदारनाथ धाम यात्रा में विभिन्न प्रकार के व्यवसाय हेतु बाहरी व्यक्तियों व नेपाली नागरिकों का आगमन होगा। आने वाले बाहरी व्यक्तियों का वृहद सत्यापन किये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार करते हुए सत्यापन अभियान को अनवरत जारी रखने के निर्देश दिये गये। व्यवसाय हेतु आने वाले हरेक व्यक्ति का सम्पूर्ण विवरण, फोटो इत्यादि सुरक्षित रखे जाने के निर्देश दिये गये। मा. न्यायालयों से प्राप्त होने वाले समन और वारंटों की समय पर तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए | जन जागरुकता अभियान – प्रचलित अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत रात्रि चौपाल आयोजित साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध और नशे के दुष्प्रभावों सहित अन्य समसामयिक विषयों पर निरंतर जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिये गये।
पुलिस कार्मिकों का सम्मान – अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कार्मिकों में निरीक्षक सुरेश बलूनी, निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, निरीक्षक मनोज नेगी, उपनिरीक्षक कुलदीप पन्त, उपनिरीक्षक महेश रावत, उपनिरीक्षक रणजीत खनेड़ा, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, मुख्य आरक्षी नवनीत सिंह, आरक्षी विनय पंवार, आरक्षी महेश, आरक्षी देवेन्द्र सिंह, आरक्षी रविन्द्र सिंह, आरक्षी दीपक नौटियाल, आरक्षी राकेश रावत, आरक्षी सतवीर सिंह शामिल रहे। इनके द्वारा किये गये कार्यों की सराहना कर यात्रा अवधि में लगन, मेहनत और ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिये गये । आयोजित हुई मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी अवसर पर ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी ऋचा कोटियाल, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक/यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा, निरीक्षक संचार प्रमोद पेटवाल, कोतवाली रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी, कोतवाल सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत, कोतवाल अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, वाचक ठाकुर सिंह, प्रधान लिपिक प्रदीप बिष्ट, आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित समस्त चौकी प्रभारी तथा विवेचक उपस्थित रहे ।
















Leave a Reply