रुद्रप्रयाग पुलिस के “अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत ग्राम थापला में सजी चौपाल; ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के गुर ।

रुद्रप्रयाग | ​जनपद रुद्रप्रयाग में चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम हो रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के निर्देशन में कल दिनांक 06 अप्रैल 2026 की रात्रि को पुलिस चौकी जखोली प्रभारी महेश रावत की अध्यक्षता में ग्राम थापला में एक दिवसीय रात्रि विश्राम एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
​इस चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति जागरुक किया ।

• ​साइबर सुरक्षा एवं जागरुकता – बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सूचित करें।
• ​महिला एवं बाल सुरक्षा – महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर रोक लगाने हेतु उन्हें कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। आपात स्थिति के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 (ERSS) के उपयोग के बारे में बताया गया।
​नशा मुक्ति एवं सामाजिक सुधार: ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास होने वाली अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पुलिस को दें।
• ​यातायात सुरक्षा – सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट के महत्व पर जोर दिया गया।
​रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का विश्वास जगाने की एक अनूठी पहल है। रात्रि विश्राम के दौरान पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। ग्राम थापला के निवासियों ने पुलिस की इस कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *