“ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्यवाही, आगामी केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था की जा रही चाक-चौबंद ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के मार्गदर्शन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गत संध्या एवं आज प्रातःकाल जनपद के समस्त कोतवाली क्षेत्रों में सघन चेकिंग, सत्यापन और यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई ।

• ​जनपद भर में सघन चेकिंग व MV Act के तहत कार्यवाही – ऑपरेशन प्रहार के अन्तर्गत जनपद के सभी पांचों कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सख्त चालानी कार्रवाई की गई। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट व सीटबेल्ट के वाहन चलाने वाले तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालित करने पर चालानी कार्यवाही की गई। पुलिस की इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना है।
• ​बाहरी व्यक्तियों का वृहद सत्यापन (Verification) – आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत जनपद में बाहरी व्यक्तियों के बढ़ते आगमन को देखते हुए पुलिस द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक तेज कर दिया गया है। जनपद की सीमाओं और पड़ावों पर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों तथा बाहरी मजदूरों/फेरी वालों का वृहद स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है, ताकि यात्रा सीजन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था पूर्णतः बनी रहे।
• ​पुलिस अधीक्षक का संदेश एवं जनता से अपील – पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी। “ऑपरेशन प्रहार” का मुख्य ध्येय आम जनमानस के भीतर सुरक्षा और विश्वास का भाव जागृत करना है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूर्ण सहयोग करें। अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन नम्बर 112 पर साझा करें। ​रुद्रप्रयाग पुलिस देवभूमि की मर्यादा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *