अभियान प्रहरी पड़ाव : अगस्त्यमुनि पुलिस ने ग्राम सिनघाटा पठालीधार में जन-जागरुकता चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति किया सजग ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस अधीक्षक जनपद रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में जन-संवाद स्थापित करने एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु चलाए जा रहे ”अभियान प्रहरी पड़ाव” के अंतर्गत गत दिवस रात्रि को कोतवाली अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सिनघाटा पठालीधार में एक जन-जागरुकता चौपाल का सफल आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अगस्त्यमुनि गुमान सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस चौपाल में स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसएचओ गुमान सिंह द्वारा उपस्थित जनसमूह को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों की बारीकियों एवं उनसे बचाव के सुरक्षित तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरुक किया गया। इसके साथ ही उन्होंने महिला सम्बन्धी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और सुरक्षा के दृष्टिगत उत्तराखंड पुलिस द्वारा संचालित ‘गौरा शक्ति ऐप’ तथा ‘उत्तराखण्ड पुलिस ऐप’ की उपयोगिता समझाते हुए इन्हें मोबाइल में इंस्टॉल करने का आह्वान किया। चौपाल में क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अनिवार्य किरायेदार सत्यापन, यातायात नियमों के अनुपालन तथा नशा मुक्त समाज की स्थापना पर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस की इस अनूठी पहल और रात्रि के समय गांव के बीच पहुँचकर जन-समस्याएं सुनने के प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *