अभियान प्रहरी पड़ाव’ के तहत घोलतीर पुलिस ने ग्राम भटवाड़ी में आयोजित की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों को विभिन्न सुरक्षा पहलुओं के प्रति किया जागरुक ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनता और पुलिस के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के क्रम में गत रात्रि ग्राम भटवाड़ी में एक जन-जागरुकता चौपाल का सफल आयोजन किया गया। चौकी प्रभारी घोलतीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामवासियों द्वारा उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया । ​चौपाल के दौरान चौकी प्रभारी जयवीर सिंह रावत एवं महिला कांस्टेबल माया द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) के खतरों से आगाह किया गया और उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेनदेन व अनजान कॉल/लिंक से सावधान रहने की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए पुलिस टीम ने महिला संबंधी अपराधों के प्रति कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा गौरा शक्ति ऐप व उत्तराखण्ड पुलिस ऐप की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया । ​इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को किरायेदार सत्यापन (Tenant Verification) की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की समय रहते पहचान हो सके। यातायात नियमों के पालन की महत्ता पर चर्चा करते हुए सुरक्षित सफर के लिए जागरुक किया गया। कार्यक्रम के अन्त में उपस्थित ग्रामवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों के आयोजन का स्वागत किया। इस जन-जागरुकता अभियान के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *