“अभियान प्रहरी पड़ाव” के माध्यम से जनता के द्वार पहुंच रही रुद्रप्रयाग पुलिस; ग्राम स्वारी ग्वांस में रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस और आम जनता के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के निर्देशन में पूरे जनपद में “अभियान प्रहरी पड़ाव” प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत रात्रि जनपद की चौकी दुर्गाधार पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत स्वारी ग्वांस में एक ‘जन जागरुकता रात्रि चौपाल’ का सफल आयोजन किया गया । ​इस अभियान के अन्तर्गत पुलिस टीमें सीधे गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर रही हैं। दुर्गाधार पुलिस चौकी से अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस रात्रि चौपाल में पुलिस टीम ने ग्रामीणों की कुशलक्षेम जानी और उनकी स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया । ​चौपाल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को जागरुक करते हुए कहा कि यदि कोई भी बाहरी व्यक्ति ग्राम सभा में सामान बेचने या कमरा किराए पर लेने हेतु आता है, तो उसका आधार कार्ड और पुलिस सत्यापन चौकी स्तर पर कराना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अत्यन्त आवश्यक है । कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा पर चर्चा करते हुए पुलिस टीम द्वारा ‘गौरा शक्ति एप’ की उपयोगिता बताई गई। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए टोल फ्री नंबर 1098 की विस्तृत जानकारी दी गई। वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए पुलिस ने ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों को सलाह दी कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल या वॉइस कॉल से सावधान रहें और अपना ओटीपी (OTP) किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया गया । ​इस रात्रि चौपाल में प्रधान प्रतिनिधि शंकर नेगी, अर्जुन नेगी, दीपक नेगी सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता, भारी संख्या में ग्रामीण और चौकी दुर्गाधार के पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे। स्थानीय जनता ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से एक सार्थक कदम बताया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *