“अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत ग्राम किमाणा में आयोजित हुई रात्रि चौपाल, पुलिस और जनता के बीच संवाद हुआ स्थापित ।

रूद्रप्रयाग | ​जनपद में पुलिस और जनता के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने तथा जन-संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल “अभियान प्रहरी पड़ाव” निरंतर सफलता के नए आयाम गढ़ रही है। इसी क्रम में गत (मंगलवार) की रात्रि को चौकी प्रभारी बसुकेदार भूपाल सिंह की अध्यक्षता में ग्राम किमाणा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हेतु ‘गौरा शक्ति एप’ के उपयोग और हेल्पलाइन नम्बर 1098 की महत्ता पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध मुखर होने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराते हुए ग्रामीणों से अपील की गई कि वे मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री करने वाले तत्वों की सूचना पुलिस को दें, जिसके लिए सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गुप्त रखने का विश्वास दिलाया गया। ​वर्तमान दौर में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने हेतु ग्रामीणों को सजग रहने की सलाह दी गई और सुरक्षा व्यवस्था को डिजिटल रूप से सुदृढ़ करने हेतु गांव के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ग्राम सभा को प्रोत्साहित किया गया। पुलिस टीम ने इस दौरान गांव में अकेले रह रहे बुजुर्गों की विशेष सूची तैयार कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें हर संकट में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। साथ ही, बाहरी व्यक्तियों और फड़-फेरी वालों के शत- प्रतिशत सत्यापन हेतु ग्रामीणों का सहयोग मांगा गया और ग्राम चौकीदारों को और अधिक सक्रियता से अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए गए। रात्रि चौपाल के समापन पर पुलिस अधिकारियों ने “अभियान प्रहरी पड़ाव” के मूल मंत्र “पारदर्शी पुलिसिंग और सुरक्षित समाज” पर जोर देते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस का ध्येय आम जनमानस के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है, जिसकी स्थानीय निवासियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *