अभियान प्रहरी पड़ाव’ के तहत ग्राम खड़िया में पुलिस की रात्रि चौपाल संपन्न, ग्रामीणों से किया गया सीधा संवाद ।

रुद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग में पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु चलाये जा रहे ‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के अंतर्गत आज पुलिस चौकी फाटा द्वारा ग्राम खड़िया में एक रात्रि चौपाल का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने गांव में रात्रि प्रवास कर स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। चौपाल में ग्राम खड़िया के प्रबुद्ध नागरिकों, महिला मंगल दल एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को धैर्यपूर्वक सुना गया तथा उनके प्रभावी निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया । ​जन-जागरुकता अभियान के क्रम में पुलिस द्वारा वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को विशेष रूप से सचेत किया गया। उन्हें ऑनलाइन वित्तीय ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए युवाओं को ड्रग्स जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रहने और एक नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई। चौपाल में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति भी जागरुकता फैलाई गई और उन्हें कानूनी अधिकारों व आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में शिक्षित किया गया। पुलिस की इस सामुदायिक पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना की गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *