रुद्रप्रयाग पुलिस का “अभियान प्रहरी पड़ाव” पहल: थलासू में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को किया जागरुक ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस और जनता के बीच सीधा और मजबूत संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा “अभियान प्रहरी पड़ाव” विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशों पर पुलिस टीमों द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पुलिस टीमें गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुन सकें और उनका निराकरण कर सकें । ​इसी क्रम में, दुर्गाधार पुलिस चौकी के अपर उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में चौकी टीम द्वारा ग्राम पंचायत थलासू में जन जागरुकता रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत थलासू पहले राजस्व पुलिस के अन्तर्गत आती थी और दो माह पूर्व ही इसे दुर्गाधार पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया है। नए क्षेत्र के नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस चौपाल का आयोजन किया गया ।

चौपाल के बिन्दु –
• ​सत्यापन की अनिवार्यता – अपर उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और अवगत कराया कि गांव में सामान बेचने आने वाले बाहरी व्यक्तियों या किराएदारों का आधार कार्ड सत्यापन पुलिस चौकी में कराना अनिवार्य है। इससे चोरी और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं से बचाव हो सकेगा।
• ​महिला एवं बाल सुरक्षा – महिलाओं की सुरक्षा हेतु ‘गौरा शक्ति एप’, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर रोक के लिए विस्तृत जानकारी दी गई। महिला सम्बन्धी मामलों और सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।
• ​साइबर सुरक्षा: ग्रामीणों को सचेत किया गया कि अनजान कॉल या वीडियो कॉल पर किसी को भी OTP न दें। साइबर फ्रॉड या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सम्पर्क करने की सलाह दी गई।
• ​यातायात जागरुकता – चौपाल में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति भी विस्तार से चर्चा की गई और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
​इस रात्रि चौपाल में दुर्गाधार पुलिस चौकी के स्टाफ सहित ग्राम पंचायत थलासू के समस्त ग्रामीण और मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *