पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने नवनियुक्त आरक्षियों को किया ब्रीफ; अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का दिया मंत्र ।

रुद्रप्रयाग | ​जनपद रुद्रप्रयाग में पुलिस विभाग के अन्तर्गत हाल ही में नियुक्त हुए नए भर्ती 57 रिक्रूट आरक्षियों के गत दिवस आगमन करने के उपरान्त आज पुलिस लाइन परिसर में ब्रीफिंग की गई। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने नवनियुक्त आरक्षियों से परिचय प्राप्त कर उनको उनकी पुलिस विभाग में सेवा प्रारम्भ करने पर शुभकामनाएं देकर उन्हें पुलिस सेवा की बारीकियों और विभाग की गरिमा के अनुरूप कार्य करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

​इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ब्रीफ किया गया –
• ​अनुशासन ही सर्वोच्च प्राथमिकता – एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है। यहां वर्दी की गरिमा और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन अनिवार्य है। अनुशासनहीनता के लिए विभाग में कोई स्थान नहीं है और इसे गम्भीरता से लिया जाएगा।
• ​प्रशिक्षण में गहरी रुचि – नवनियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण काल (Training) एक पुलिसकर्मी के भविष्य की नींव होता है। उन्होंने सभी आरक्षियों को शारीरिक दक्षता, कानून के ज्ञान और हथियारों के संचालन के प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से रुचि लेने के निर्देश दिए।
• ​कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा – पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय जनता की सेवा और सुरक्षा है। भर्ती के उपरान्त आप सभी अब लोक सेवक हैं, इसलिए आपका व्यवहार शालीन और कार्यप्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए।
• ​आदेशों का अनुपालन – प्रशिक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों व प्रशिक्षकों द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध और पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करने की हिदायत दी गई।

​इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *