ट्रैफिक वॉलंटियर स्कीम आपका सहयोग सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित यातायात की ओर |

उत्तरकाशी | यातायात निदेशालय उत्तराखण्ड के निदेशों के क्रम में जनपद उत्तरकाशी में सुगम, सुरक्षित एवं सुदृढ़ यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा “ट्रैफिक वॉलंटियर स्कीम” प्रारंभ की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुदृढ़ बनाने में पुलिस के साथ आम नागरिकों की सहभागिता बढाना हैं । आज यातायात पुलिस उत्तरकाशी की टीम द्वारा उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में आमजन को ट्रैफिक वॉलंटियर स्कीम की जानकारी दी गयी । आमजन को यातायात प्रबन्धन में पुलिस की साथ भागीदारी निभाने तथा यातायात प्रबन्धन को सुदृढ बनाने के लिये प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान पुलिस द्वारा आम जनता को ट्रैफिक वॉलंटियर स्कीम से सम्बन्धित पम्पलेट्स भी वितरित किये गये । ट्रैफिक वॉलंटियर स्कीम के अन्तर्गत ऐसे जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों को ट्रैफिक वॉलंटियर के रूप में जोड़ा जाएगा, जो स्वेच्छा से यातायात प्रबंधन कार्यों में सहयोग करना चाहते हैं। वॉलंटियर यातायात पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक संचालन, जन-जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे ।

*ट्रैफिक वॉलंटियर के मुख्य कार्य एवं योगदान:*
• ट्रैफिक जंक्शनों पर यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर यातायात संचालन में सहयोग।
• स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना।
• सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करना।
• नो-पार्किंग एवं यातायात उल्लंघनों की सूचना पुलिस को देना।
• विशेष आयोजनों एवं पर्वों के दौरान यातायात प्रबंधन में सहयोग करना।

*पात्रता:*
• आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो।
• यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं अनुशासित हो।
• किसी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड न हो।
• स्थानीय क्षेत्र की जानकारी एवं सामाजिक व्यवहार अच्छा हो।

इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से ट्रैफिक निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uttarakhandtraffic.com⁠ पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, इच्छुक ऑफलाइन माध्यम से भी यातायात कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

*नोटः-* यह सेवा पूर्णतः स्वैच्छिक है, इसके लिए किसी भी प्रकार का मानदेय/विशेषाधिकार देय नही होगा। ट्रैफिक वॉलंटियर्स को टी-शर्ट, कैप एवं आईडी कार्ड पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *