अभियान प्रहरी पड़ाव : ग्राम गडोरा में पुलिस उपाधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुई रुद्रप्रयाग पुलिस की रात्रि चौपाल ।

रुद्रप्रयाग | ​रुद्रप्रयाग जिले में पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में संचालित “अभियान प्रहरी पड़ाव” प्रारम्भ किया गया है। इसी क्रम में शनिवार की रात को पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर के नेतृत्व में ग्राम गडोरा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें गांव की सम्भ्रान्त जनता, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया ।

​जागरुकता का समागम – आयोजित हुई ​रात्रि चौपाल के दौरान पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस टीम ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरुक किया गया –
• ​साइबर अपराध से सुरक्षा – वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ती ठगी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना OTP, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी की दशा में तत्काल 1930 पर कॉल करने की जानकारी दी गई।
• ​महिला एवं बाल अपराध – महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरुक किया गया। समाज में सुरक्षित वातावरण बनाने हेतु पुलिस हेल्पलाइन नम्बरों और सुरक्षा उपायों को साझा किया गया।
• ​नशे के दुष्प्रभाव एवं नशामुक्त समाज – युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए इसके शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि नशामुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
• ​बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन – सुरक्षा की दृष्टि से गांव में आने वाले फेरीवालों, मजदूरों, किरायेदारों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने पर जोर दिया गया। बिना सत्यापन किसी को भी शरण न देने की अपील की गई।
• ​यातायात नियमों का पालन – सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात नियमों को जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक बताया गया।
• ​तकनीकी सुरक्षा (CCTV की अपील) – गांव की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से ग्रामीणों से गांव के मुख्य प्रवेश (एंट्री) और निकास (एक्जिट) द्वारों पर CCTV कैमरे लगाने का आह्वान किया गया।
• ​मन्दिरों की सुरक्षा के उपाय – गांव के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा हेतु ग्राम समितियों को सचेत किया गया। मन्दिरों में उचित प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से अन्य महत्वपूर्ण उपाय अपनाने पर चर्चा की गई।

​जनता ने सराही पुलिस की पहल –
​रात्रि चौपाल के दौरान पुलिस उपाधीक्षक व पुलिस बल ने गांव के वरिष्ठ जनों के पास बैठकर उनका कुशलक्षेम जाना। पुलिस के इस आत्मीय और संवेदनशील व्यवहार से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। ग्रामीणों ने पुलिस की इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे पुलिस-पब्लिक समन्वय का एक बेहतरीन उदाहरण बताया।

आयोजित हुई रात्रि चौपाल के दौरान चौकी प्रभारी घोलतीर जयवीर सिंह रावत सहित अन्य पुलिस कार्मिक व भारी संख्या में ग्रामीण, प्रबुद्ध जन व मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *