रुद्रप्रयाग | आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जन जागरुकता अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज खांकरा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक (SHO) सुरेश चन्द्र बलूनी ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत कर छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की विभिन्न चुनौतियों और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरुक किया ।
मुख्यतः निम्नलिखित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई:
1. महिला एवं बालिका सुरक्षा – SHO बलूनी ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उपस्थित महिला पुलिस बल ने “गुड टच-बैड टच” और महिला सुरक्षा हेतु जारी हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 112 और 1090) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में डरे नहीं, बल्कि तुरन्त पुलिस या अभिभावकों को सूचित करें।
2. साइबर अपराध से बचाव –
बढ़ते डिजिटल युग में साइबर ठगी के खतरों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपनी निजी जानकारी साझा न करने के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरन्त 1930 पर कॉल करें।
3. नशे के विरुद्ध जंग – युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम ने छात्रों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ के संकल्प को दोहराते हुए छात्रों से नशे से दूर रहने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।
4. यातायात सड़क सुरक्षा माह –
वर्तमान में चल रहे ‘यातायात सड़क सुरक्षा माह’ के अंतर्गत छात्र- छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की शपथ दिलाई गई। SHO ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी ।
”युवा शक्ति ही समाज की नींव है। यदि हमारे छात्र जागरुक होंगे, तो एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण स्वतः ही हो जाएगा।” — सुरेश चन्द्र बलूनी, SHO कोतवाली रुद्रप्रयाग । इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबन्धन ने पुलिस प्रशासन द्वारा की गई इस पहल की सराहना की ।














Leave a Reply