सड़क सुरक्षा माह 2026 : ‘‘जीवन अनमोल है’’ रुद्रप्रयाग पुलिस ने चलाया व्यापक जन-जागरुकता अभियान ।

रुद्रप्रयाग | सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को सुरक्षित सफर के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में ”सड़क सुरक्षा माह 2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे के कुशल निर्देशन एवं निरीक्षक यातायात कैलाश शर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जागरुकता अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीमों ने मुख्य चौराहों सार्वजनिक स्थानों और टैक्सी स्टैंडों पर जाकर दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया । पुलिस कर्मियों द्वारा वाहन स्वामियों और चालकों को विशेष रूप से तैयार किए गए पोस्टर और पम्पलेट्स वितरित किए गए। इनमें हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट का प्रयोग ओवरस्पीडिंग के खतरे और नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश अंकित थे । यातायात निरीक्षक श्री कैलाश शर्मा ने स्वयं चालकों से संवाद कर उन्हें बताया कि सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि घर पर परिवार आपका इंतजार कर रहा है, इसलिए जल्दबाजी में यातायात नियमों की अनदेखी न करें । चालकों को यातायात गाइडलाइंस और उल्लंघन पर होने वाले कानूनी प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई । एसपी रुद्रप्रयाग का संदेश पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य शून्य दुर्घटना के संकल्प को सिद्ध करना है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे यातायात पुलिस का सहयोग करें और सड़क पर चलते समय अनुशासित रहें । अभियान का प्रभाव रुद्रप्रयाग यातायात पुलिस की इस पहल को स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। अभियान के माध्यम से न केवल चालकों को नियमों का ज्ञान हुआ, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग की संस्कृति को भी बढ़ावा मिला है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *