रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरुकता अभियान निरंतर और प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है । इसी क्रम में जनपद की यातायात पुलिस द्वारा मुख्य बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वृहद जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई । अभियान के दौरान चालकों को पहाड़ी मार्गों पर ओवरलोडिंग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, तथा दुपहिए वाहन में तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) न करने के लिए सख्त हिदायत दी गई। साथ ही, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणामों एवं सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले गंभीर खतरों के प्रति भी जागरुक किया गया । यातायात पुलिस टीम द्वारा पंपलेट वितरित कर आमजन को ‘नेक व्यक्ति (Good Samaritan)’ योजना के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को पुलिस द्वारा प्रोत्साहित एवं सम्मानित किए जाने की व्यवस्था के बारे में बताया गया ।
व्यावसायिक वाहन चालकों को अपने समस्त दस्तावेज अद्यतन रखने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस द्वारा आमजन को सुरक्षित यात्रा हेतु यातायात नियमों की शपथ भी दिलाई गई । उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” निर्धारित की गई है। इसी के अन्तर्गत रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है । अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। कोहरे एवं रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से डंपर, बसों एवं अन्य भारी वाहनों पर लाल एवं सफेद रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं। रिफ्लेक्टर टेप की चमक से पीछे चल रहे वाहन चालकों को दूर से ही वाहन अथवा अवरोध का संकेत मिल जाता है, जिससे विशेषकर सर्दियों के मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है । रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहयोग करें ।














Leave a Reply