“ऑपरेशन स्माइल” अभियान का शुभारंभ, AHTU हरिद्वार द्वारा दो बालकों का सफल रेस्क्यू |

रिपोर्ट – वंश शर्मा

हरिद्वार | पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशानुसार गुमशुदा बालक-बालिकाओं तथा महिला-पुरुषों की तलाश एवं पुनर्वास हेतु प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल” अभियान का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में विधिवत शुभारंभ किया गया । उक्त अभियान के अंतर्गत हर की पौड़ी क्षेत्र में गश्त के दौरान AHTU टीम द्वारा दो बालकों को अत्यंत दयनीय अवस्था में रेस्क्यू किया गया। दोनों बालक विभिन्न गंगा घाटों पर भिखारियों के बीच कड़ाके की ठंड से बचने के लिए आग तापते हुए पाए गए ।

मौके पर की गई पूछताछ में बालकों द्वारा निम्न जानकारी दी गई
1. अभिषेक पुत्र अरविंद, उम्र 13 वर्ष, निवासी धारवाली, मोहबेवाला, देहरादून।
उक्त बालक लगभग एक वर्ष पूर्व घर से बिना बताए निकल गया था। बालक पहले दिल्ली-पंजाब में रहा, तत्पश्चात लगभग तीन माह पूर्व रुड़की में रह रहा था तथा दो दिवस पूर्व हरिद्वार आया। बालक को नई घाट के समीप सर्दी से ठिठुरते हुए रेस्क्यू किया गया।

2. मनीष पुत्र स्वर्गीय पवन, उम्र 15 वर्ष, निवासी ग्राम बंधापुरा, सरधना, मेरठ (उत्तर प्रदेश)।
उक्त बालक लगभग 6 माह पूर्व घर से बिना बताए हरिद्वार आया था तथा शादी-विवाह आदि में छोटे-मोटे कार्य कर जीवन यापन कर रहा था। बालक को संजय पुल गंगा घाट के पास भिखारियों के बीच से रेस्क्यू किया गया।

दोनों बालकों को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत चिकित्सा परीक्षण हेतु ले जाया गया। चिकित्सीय जांच के पश्चात दोनों बालकों को बाल कल्याण समिति, हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आवश्यक काउंसलिंग के उपरांत दोनों को खुला आश्रय गृह, कनखल में सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया । ऑपरेशन स्माइल टीम द्वारा दोनों बालकों के परिजनों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है। यदि किसी व्यक्ति को इस संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो मोबाइल नंबर 8077137481 पर संपर्क करने का कष्ट करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *