मल्लीताल पुलिस ने 05 स्टंटबाजों को लिया हिरासत में वाहन सीज, DL निरस्तीकरण |

नैनीताल | मल्लीताल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात चालक द्वारा वाहन संख्या HR 43 E 6085 को अत्यंत खतरनाक तरीके से सड़क पर चलाया जा रहा है । सूचना के आधार पर हेमचंद पंत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल द्वारा मंगोली क्षेत्र में तत्काल चैकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें उक्त वाहन को अमन पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी रेवाड़ी, हरियाणा द्वारा लापरवाहीपूर्वक व जानलेवा तरीके से चलाते हुए पाया गया। वाहन में सवार चार अन्य युवक खिड़कियों से बाहर झुककर शोरगुल और हुल्लड़बाज़ी कर रहे थे, जिससे सड़क पर अन्य राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था । पुलिस द्वारा मौके पर ही वाहन को रोका गया एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया। चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया गया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है । जनसामान्य से अपील है कि सड़क पर स्टंट व लापरवाह ड्राइविंग से बचें, ऐसा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आपके एवं दूसरों के जीवन के लिए भी घातक हो सकता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *