देहरादून में 2,045 बूथों पर तैयारी तेज |

देहरादून । जिला प्रशासन ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं । सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में डीएम डॉ. चौहान ने बताया कि जनपद की 10 विधानसभाओं में 2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 766 ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। सभी बूथों पर बिजली, पेयजल, रैंप और शेड जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। चार-पांच बूथ वाले केंद्रों पर मतदाताओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाने और पोलिंग स्टेशनों के नामों का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए ।

19 बूथ नेटवर्क शैडो एरिया में, 65 पर बर्फबारी का खतरा
मसूरी क्षेत्र के सात और चकराता क्षेत्र के 12 पोलिंग स्टेशन नेटवर्क शैडो एरिया में हैं। इन 19 केंद्रों पर नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, फरवरी में 65 पोलिंग स्टेशनों पर बर्फबारी की आशंका को देखते हुए आकस्मिकता योजना तैयार की जाएगी, ताकि निर्वाचन कार्य प्रभावित न हों।

करीब 12 लाख मतदाता, बुजुर्गों-दिव्यांगों को सुविधा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में कुल 11,94,797 मतदाता हैं। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जनपद में 10,201 दिव्यांगजन और 85 वर्ष से अधिक आयु के 7,845 मतदाता हैं। इनके लिए होम वोटिंग, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक, डोली और पालकी जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीमाओं पर निगरानी, कम मतदान वाले बूथों पर अभियान
देहरादून की सीमाएं हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और उत्तराखंड के चार जनपदों से लगती हैं। सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित करने और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) व वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) गठित कर प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। नकदी और शराब की तस्करी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।

स्वीप कार्यक्रम के तहत 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का प्रारूप-6 से पंजीकरण कराने के साथ बुक्सा जनजाति के 40 गांवों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत मतदान के प्रयास होंगे। निर्वाचन कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने, प्रशिक्षण शुरू करने, सेक्टर अधिकारियों की तैनाती और निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

यह रहे बैठक में मौजूद
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, वर्चुअल उपजिलाधिकारी और चुनाव से जुड़े नोडल अधिकारी।

नक्शे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *