चम्पावत | रेखा यादव पुलिस अधीक्षक चम्पावत द्वारा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुलेठी (चम्पावत) में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियमों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, मानस हेल्पलाइन 1933 एवं महिला हेल्पलाइन 1090 के संबंध में विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई । साथ ही महोदया द्वारा छात्र छात्राओं को STOPNCII.org.in के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि किसी की निजी तस्वीर या वीडियो बिना अनुमति ऑनलाइन साझा होने की आशंका हो, तो इस प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से उसके प्रसार को रोकने में सहायता प्राप्त की जा सकती है । पुलिस अधीक्षक महोदया ने छात्र-छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने, किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। महोदया ने साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाते एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने की अपील की । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक महोदया ने सरल, प्रेरणादायक एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया । चम्पावत पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं में कानूनी जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे ।
पुलिस की पाठशाला” के माध्यम से एसपी रेखा यादव ने छात्र-छात्राओं व अध्यापकों को किया जागरूक |
















Leave a Reply