मानसून पूर्व आपदा से निपटने को प्रशासन पूरी तरह तैयार टनकपुर में संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन, बाढ़, भू-कटाव, भूस्खलन एवं सर्पदंश जैसी आपदाओं से निपटने का किया गया व्यापक अभ्यास |

टनकपुर | मानसून सीजन के दृष्टिगत संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतुअग्निशमन केन्द्र टनकपुर द्वारा विभिन्न विभागों के साथ संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बाढ़, भू-कटाव, भूस्खलन, सर्पदंश, सड़क अवरोध एवं रेस्क्यू जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों का सफलतापूर्वक अभ्यास किया गया । प्रथम परिदृश्य में कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि लगातार वर्षा के कारण शारदा नदी में तीव्र भू-कटाव होने से नदी किनारे स्थित लगभग 10-15 आवासीय भवनों में दरारें आ गई हैं तथा क्षेत्र में जनहानि की आशंका है। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी टनकपुर, पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग, चिकित्सा विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचीं । रेस्क्यू टीम द्वारा नदी क्षेत्र में फँसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस तक पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त शारदा घाट स्थित अस्थायी प्रसादी की दुकान की महिला संचालिका के सर्पदंश से घायल होने की स्थिति में त्वरित रेस्क्यू कर उसे एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रूप से राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में स्थापित राहत शिविर में स्थानांतरित किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान कुल 12 घायलों का रेस्क्यू कर उपचार कराया गया, जिनमें से 04 घायलों को बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर रेफर किया गया। साथ ही एक घायल श्वान का भी उपचार कर पशु संरक्षण का संदेश दिया गया । द्वितीय परिदृश्य में बाटना गाड़ क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन एवं बोल्डर गिरने से माँ पूर्णागिरि धाम की ओर जा रहे श्रद्धालु एवं वाहन दोनों ओर फँस गए। सूचना पर संयुक्त रेस्क्यू टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर रस्सियों की सहायता से श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार कराया। वहीं मार्ग पर गिरे पेड़ को वुडन कटर की सहायता से हटाकर आवागमन शीघ्र सुचारू कराया गया । इस संयुक्त मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित राहत एवं बचाव उपलब्ध कराने की तैयारियों को परखना था । अपील चम्पावत पुलिस आमजन से अपील करती है कि मानसून के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस आपातकालीन सेवा 112 अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *