थाना रीठा साहिब के वार्षिक निरीक्षण में एसपी रेखा यादव ने परखी व्यवस्थाएं, दिये सुदृढ़ कानून व्यवस्था एवं आपदा तैयारी के निर्देश |

चम्पावत | रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक चम्पावत द्वारा थाना रीठा साहिब का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं पुलिस कार्यप्रणाली का गहनता से परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये । निरीक्षण के प्रारम्भ में पुलिस अधीक्षक द्वारा सलामी गार्ड का निरीक्षण किया गया तथा समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शस्त्रों को खोलने-जोड़ने का अभ्यास एवं बलवा ड्रिल कराई गई। उन्होंने पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन एवं दक्षता को परखा तथा जवानों को हर परिस्थिति में सजग एवं तैयार रहने हेतु प्रेरित किया | इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारियों से उनकी निजी, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में जानकारी ली तथा समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया । निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, आपदा उपकरणों, दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं टियर गैस, सीसीटीएनएस प्रणाली, लावारिस माल एवं वाहनों, मैस, बैरक एवं आवासीय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया गया। थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिये गये । एसपी द्वारा भुवन चन्द्र आर्या, प्रभारी थानाध्यक्ष रीठा साहिब को निर्देशित किया गया कि आपदा उपकरणों को सदैव सुचारु एवं तैयार अवस्था में रखा जाए, सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट को नियमित रूप से अद्यावधिक किया जाए तथा थाना परिसर एवं शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक सप्ताह पुलिस कर्मियों का शस्त्राभ्यास कराये जाने एवं लावारिस माल/वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये गये । पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, अनुशासित एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बनाए रखना प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *